संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं ‘भारत रत्न’ से सम्मानित लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर रांची के ओरमांझी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मौके पर आदित्य साहू ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के विचारों के माध्यम से देश और समाज को नई दिशा दी। उनके सिद्धांत आज भी लोगों को राष्ट्रहित और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए प्रेरित करते हैं।
शास्त्री जी की सादगी और राष्ट्रभक्ति को किया याद
आदित्य साहू ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति का उदाहरण प्रस्तुत किया। राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान और त्याग को हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए देश, राज्य और समाज के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद रामटहल चौधरी सहित रांची पूर्वी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।








