संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए दक्षिण-पूर्व रेलवे के रांची मंडल ने रांची और हटिया स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था की है। दशहरा, दिवाली और छठ के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया है। 10 अक्तूबर यानी महालया के दिन से रांची स्टेशन का दक्षिणी प्रवेश द्वार आंशिक रूप से खोला जाएगा।
इसके अलावा यात्रियों की मांग के अनुसार रांची स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-6 से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। जरूरत के अनुसार कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए जाएंगे।
75 हजार तक पहुंच सकती है यात्रियों की संख्या
रेलवे के अनुसार, सामान्य दिनों में रांची स्टेशन से प्रतिदिन करीब 55 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। त्योहारी सीजन में यह संख्या बढ़कर करीब 72,500 तक पहुंच जाती है। इस बार प्रतिदिन यात्रियों की संख्या 75 हजार तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
रांची मंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने बताया कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। प्रेस वार्ता में सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह भी मौजूद थीं।
प्लेटफॉर्म टिकट अब ₹20 में मिलेगा
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रांची और हटिया स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत बढ़ाई गई है। अब 10 रुपये की जगह 20 रुपये में प्लेटफॉर्म टिकट मिलेगा। यह व्यवस्था 10 अक्तूबर से 29 नवंबर तक लागू रहेगी।
रेलवे का उद्देश्य है कि केवल जरूरी काम से आने वाले लोग ही प्लेटफॉर्म परिसर में प्रवेश करें, ताकि त्योहारी सीजन में अनावश्यक भीड़ को कम किया जा सके।
वैकल्पिक स्टेशनों पर भी ठहराव की व्यवस्था
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दक्षिण दिशा की ओर जाने वाली स्पेशल ट्रेनों के परिचालन में आवश्यक बदलाव किए जा सकते हैं। रेलवे ने वलसिरिंग, गोविंदपुर रोड और वानो स्टेशन पर वैकल्पिक ठहराव की व्यवस्था की है। इससे रांची और हटिया जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
CCTV से निगरानी, अतिरिक्त काउंटर और होल्डिंग एरिया
रांची और हटिया स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की जाएगी। स्टेशन परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जाएगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त टिकट काउंटर और यूटीएस काउंटर भी खोले जाएंगे।
अधिक भीड़ वाले दिनों में यात्रियों को नियंत्रित तरीके से स्टेशन में प्रवेश कराने के लिए होल्डिंग एरिया का इस्तेमाल किया जाएगा। रांची स्टेशन पर यह व्यवस्था पार्सल कार्यालय के पास होगी। यहां यात्रियों के बैठने के साथ पेयजल, पंखे और ट्रेनों से संबंधित जरूरी सूचनाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा यात्रियों की आवाजाही और भीड़ की निगरानी के लिए स्टेशन पर वार रूम भी बनाया जाएगा। रेलवे के अनुसार, इन तैयारियों का उद्देश्य त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को व्यवस्थित करना और सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल यात्रा सुनिश्चित करना है।










