गिरिडीह में डायन-बिसाही के आरोप में महिला की हत्या, मारपीट के बाद गई जान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

गिरिडीह। जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरनानगर पंचायत के बसाबूदा गांव में डायन-बिसाही के अंधविश्वास से जुड़ी एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां डायन होने का आरोप लगाकर एक महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान दुलारी देवी, पति लखिराम मुर्मू के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।

डायन बताकर महिला के साथ की गई मारपीट

मृतका के परिजनों के आरोप के अनुसार, कुछ लोग दुलारी देवी के पास पहुंचे और उन्हें डायन बताते हुए झाड़-फूंक करने की बात कहने लगे। इसी दौरान कथित तौर पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। बाद में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

डायन-बिसाही के अंधविश्वास में महिला की मौत की इस घटना ने एक बार फिर समाज में व्याप्त कुरीतियों और अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता की जरूरत को सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें