राजमहल में 37 मोबाइल बरामद, तीनपहाड़ के बाबूपुर और बभनगामा के दो आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]



अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी, सानिया बस में जांच के दौरान महिला के पास मिले थे 14 मोबाइल



राजमहल/साहिबगंज। साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए अलग-अलग कंपनियों के कुल 37 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। शुक्रवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।



पुलिस अधीक्षक को 13 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची से राजमहल की ओर आ रही सानिया बस में एक महिला चोरी के मोबाइल फोन लेकर सफर कर रही है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए राजमहल थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने डायनामाइट जेल मोड़ पेट्रोल पंप के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान सानिया बस को रोककर महिला पुलिस पदाधिकारी ने एक महिला यात्री की तलाशी ली। तलाशी के दौरान महिला के पास मौजूद खाकी रंग के थैले से 14 मोबाइल फोन बरामद किए गए। मोबाइल से संबंधित वैध कागजात मांगने पर महिला कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।

इसके बाद पुलिस ने महिला के हाटपाड़ा स्थित आवास पर छापेमारी की, जहां से विभिन्न कंपनियों के अन्य 23 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस प्रकार पुलिस ने कुल 37 मोबाइल फोन जब्त किए।

बाबूपुर और बभनगामा के दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में बीरू महतो (32 वर्ष), पिता स्वर्गीय मदन महतो, निवासी बाबूपुर, थाना तीनपहाड़ तथा रेनू देवी (39 वर्ष), पति स्वर्गीय संदीप कुमार साहा, निवासी बभनगामा, थाना तीनपहाड़, जिला साहिबगंज को गिरफ्तार किया है।

नौ कंपनियों के मोबाइल बरामद

पुलिस द्वारा जब्त मोबाइल फोन में आईफोन के 2, रियलमी के 7, मोटोरोला के 3, ओप्पो के 4, वीवो के 8, नारजो के 2, सैमसंग के 8, नथिंग का 1 और रेडमी के 2 मोबाइल शामिल हैं। कुल 37 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

राजमहल थाना में मामला दर्ज

इस संबंध में राजमहल थाना कांड संख्या 410/26, दिनांक 13 नवंबर 2026 को बीएनएस की धारा 317(2), 317(5) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी

इस कार्रवाई में राजमहल थाना प्रभारी पु०अ०नि० हसनैन अंसारी, पु०अ०नि० महादेवा उरांव, पु०अ०नि० पवन यादव, स०अ०नि० अंहिला टोप्पो, स०अ०नि० सनातन हेंब्रम तथा सशस्त्र बल के जवान महेंद्र यादव और ए-294 राजेंद्र शर्मा शामिल थे।

संथाल हूल एक्सप्रेस | साहिबगंज
शोषण के खिलाफ बुलंद आवाज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें