संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची। JTET-2026 परीक्षा में सामने आई तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों के निराकरण की मांग को लेकर सैकड़ों अभ्यर्थियों ने मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो से मुलाकात की। झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में अभ्यर्थियों ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। अभ्यर्थियों ने आशंका जताई कि इन गड़बड़ियों के कारण परीक्षा का मूल्यांकन और परिणाम प्रभावित हो सकता है। उन्होंने मामले में मंत्री से हस्तक्षेप करने की मांग की।
OMR शीट में बुकलेट सीरीज की गड़बड़ी का मुद्दा उठाया
ज्ञापन में मुख्य रूप से JTET-2026 की OMR शीट में प्रश्न-पुस्तिका की बुकलेट सीरीज (S, T, U और V) से संबंधित गड़बड़ी का मुद्दा उठाया गया। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन फॉर्म और प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) में हुई विभिन्न त्रुटियों की ओर भी मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया गया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि तकनीकी और प्रशासनिक खामियों के कारण किसी भी परीक्षार्थी का मूल्यांकन या परीक्षा परिणाम प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी समस्याओं का न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य सुरक्षित रखने की मांग
अभ्यर्थियों ने मंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं विस्तार से रखते हुए परीक्षा परिणाम की निष्पक्षता बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि संबंधित त्रुटियों के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ ने उम्मीद जताई कि मंत्री के स्तर से इस मामले में सकारात्मक पहल की जाएगी। संघ ने स्पष्ट कहा कि तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों की सजा अभ्यर्थियों को नहीं मिलनी चाहिए। विभागीय या तकनीकी लापरवाही के कारण किसी भी परीक्षार्थी का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए।









