संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार, होटवार से जेल की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। जेल में बंद 20 वर्षीय एक विचाराधीन बंदी के साथ तीन अलग-अलग मौकों पर सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित के पिता की लिखित शिकायत पर गुरुवार को खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में जेल अधीक्षक, वार्ड प्रभारी और मेडिकल ऑफिसर समेत कुल 18 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें जेल में बंद कई अन्य कैदी भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महाशिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल के दिन यौन हिंसा का आरोप
पीड़ित के पिता की शिकायत के अनुसार, पहली घटना महाशिवरात्रि की रात की बताई गई है। आरोप है कि जेल में बंद कुछ कैदियों ने युवक को जबरन महिलाओं के कपड़े पहनाए और पार्वती का रूप देने के बाद उसे नशीला पेय पिलाया। इसके बाद कथित तौर पर उसे बेहोशी की हालत में वार्ड संख्या 3ए में ले जाकर सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया गया। शिकायत में युवक के गंभीर रूप से घायल होने और अत्यधिक रक्तस्राव होने का भी आरोप लगाया गया है।
दूसरी घटना रामनवमी की रात की बताई गई है। आरोप है कि उसी समूह के कैदियों ने युवक को दोबारा महिलाओं के कपड़े पहनाए और नशीला पदार्थ देकर वार्ड संख्या 3ए के ग्राउंड हॉल में उसके साथ यौन हिंसा की।
वहीं, तीसरी घटना सरहुल पूजा के दिन की बताई गई है। शिकायत के मुताबिक, आरोपित युवक को जबरन वार्ड संख्या 5 में ले गए, जहां उसके साथ फिर से सामूहिक यौन हिंसा की गई।
शिकायत करने पर वार्ड प्रभारी और मेडिकल ऑफिसर पर दुर्व्यवहार का आरोप
पीड़ित के पिता ने अपनी शिकायत में जेल प्रशासन के अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि युवक ने जेल के वार्ड प्रभारी को लिखित शिकायत देकर अपने साथ हुई घटनाओं की जानकारी दी थी, लेकिन आरोप है कि वार्ड प्रभारी ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और शिकायत आवेदन फाड़ दिया।
इसके बाद युवक जेल अस्पताल पहुंचा, जहां मेडिकल ऑफिसर पर भी उसके साथ दुर्व्यवहार करने और समुचित इलाज किए बिना वापस वार्ड में भेजने का आरोप लगाया गया है।
जेल से रिहा होने के बाद परिवार को बताई आपबीती
जानकारी के अनुसार, युवक एक मामले में 12 जून को रांची की अदालत से बरी होने के बाद जेल से रिहा हुआ था। घर लौटने के बाद उसने अपने परिवार को जेल के भीतर कथित तौर पर हुई यौन हिंसा की घटनाओं के बारे में बताया। इसके बाद उसके पिता ने खेलगांव थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जेल से रिहाई के समय युवक का मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया। परिवार के अनुसार, घटना के बाद से युवक मानसिक रूप से परेशान है।
सिटी एसपी को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी सिटी एसपी को सौंपी गई है। प्राथमिकी में जेल के कई बंदियों के अलावा जेल अधीक्षक, वार्ड प्रभारी, मेडिकल ऑफिसर और एक पुलिसकर्मी को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस सभी आरोपों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।
इधर, जेल अधीक्षक चंद्रशेखर ने आरोपों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जेल के एक वार्ड में 50 से अधिक बंदी रहते हैं, ऐसे में इस तरह की घटना होने की संभावना पर सवाल उठता है। उन्होंने यह भी पूछा कि यदि घटना हुई थी, तो तत्काल शिकायत करने के बजाय लगभग पांच महीने बाद प्राथमिकी क्यों दर्ज कराई गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता और दोषियों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।









