छठ पर रांची में ट्रैफिक अलर्ट! 15 नवंबर को सुबह 8 से रात 11 बजे तक इन रास्तों पर मालवाहक वाहनों की नो एंट्री, कई मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए यातायात पुलिस ने 15 और 16 नवंबर के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार, निर्धारित समय में शहर में मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा छठ घाटों की ओर जाने वाले कई प्रमुख रास्तों पर भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

रिंग रोड से गुजरेंगे मालवाहक वाहन

यातायात पुलिस के आदेश के अनुसार, 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक तथा 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से सुबह 10 बजे तक शहर में मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान मालवाहक वाहनों को रिंग रोड के रास्ते आवागमन करना होगा।

वहीं, 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों के परिचालन पर भी पूरी तरह रोक रहेगी।

15 नवंबर को इन प्रमुख रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध

छठ पूजा के दौरान 15 नवंबर को दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक शहर के कई मार्गों पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।

  • चांदनी चौक से राम मंदिर के बीच ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन बंद रहेगा।
  • अलबर्ट एक्का चौक से चडरी तालाब जाने वाले मार्ग पर सभी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
  • रणधीर वर्मा चौक से राजभवन जाने वाले रास्ते पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
  • सीएमपीडीआई चौक से कांके डैम जाने वाले मार्ग पर प्रतिबंध रहेगा।
  • औघड़ बाबा आश्रम, छोटा तालाब और उर्दू लाइब्रेरी से बड़ा तालाब जाने वाले रास्ते बंद रहेंगे।
  • जैन मंदिर कटिंग और महिला मारवाड़ी कॉलेज से बड़ा तालाब जाने वाले मार्ग पर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
  • लक्ष्मीनारायण मंदिर से औघड़ बाबा आश्रम जाने वाले रास्ते पर भी प्रतिबंध रहेगा।
  • जुडिशियल अकादमी और सीठियो बस्ती से धुर्वा डैम छठ घाट जाने वाले मार्ग पर सभी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए यहां होगी पार्किंग

यातायात पुलिस ने अलग-अलग छठ घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।

  • हटनिया तालाब: निगम पार्क के सामने, नाराबाबा खटाल और वेजिटेबल मार्केट में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
  • कांके डैम: सीएमपीडीआई, गांधीनगर और रॉक गार्डन में वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
  • छठ तालाब: शालीमार बाजार और शहीद मैदान में पार्किंग की सुविधा रहेगी।
  • बड़ा तालाब: जेल चौक के पास, भगवान बिरसा मुंडा के समीप तथा सर्जना चौक से फिरायालाल के बीच पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
  • हटनिया तालाब जाने वाले श्रद्धालु: रणधीर वर्मा चौक और एसएसपी आवास चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करना होगा।

चुटिया और बड़ा तालाब जाने वालों के लिए भी व्यवस्था

चुटिया से स्वर्णरेखा नदी जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए सरस्वती शिशु मंदिर के बगल में पार्किंग बनाई गई है। बनस तालाब चुटिया रोड के किनारे भी वाहन खड़े किए जा सकेंगे।

वहीं, किशोरगंज चौक से बड़ा तालाब जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सड़क किनारे पार्किंग की सुविधा रहेगी। इसके अलावा देवेंद्र मांझी चौक के समीप निवारणपुर में भी वाहन पार्क किए जा सकेंगे।

यातायात पुलिस की अपील

छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित ट्रैफिक नियमों का पालन करें, प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचें और अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें