जमशेदपुर में चॉकलेट-चिप्स का लालच देकर 8 साल की बच्ची को ले गया मुंहबोला मामा, यौन शोषण का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

 

जमशेदपुर। मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र में रिश्ते और भरोसे को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। यहां आठ वर्षीय बच्ची के साथ यौन शोषण का आरोप उसके मुंहबोले मामा पर लगा है। आरोप है कि कदमा भटिया बस्ती निवासी कृष्णा सिक्का गुरुवार रात बच्ची को चॉकलेट और चिप्स दिलाने के बहाने मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले गया। करीब 45 मिनट बाद जब बच्ची घर लौटी तो वह रो रही थी। परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर बच्ची ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। उसने आरोपी पर किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

चॉकलेट और चिप्स दिलाने के बहाने ले गया साथ

बच्ची की मां के अनुसार, वह पहले कदमा में रहती थी। इसी दौरान उसकी पहचान कृष्णा सिक्का से हुई थी। आरोपी का परिवार से परिचय था और बच्ची उसे मुंहबोला मामा कहती थी।

गुरुवार रात करीब 10 बजे कृष्णा उनके घर पहुंचा और बच्ची को चॉकलेट तथा चिप्स दिलाने का लालच देकर मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले गया। काफी देर तक बच्ची के वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोग परेशान हो गए। करीब 20 मिनट बाद परिजनों ने आरोपी को फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया।

करीब 45 मिनट बाद बच्ची घर लौटी तो रो रही थी। मां और परिवार के अन्य सदस्यों ने उससे पूछताछ की, जिसके बाद बच्ची ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। मां का आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।

शिकायत करने पहुंची मां से गाली-गलौज का आरोप

घटना की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार सुबह बच्ची की मां आरोपी के घर पहुंची और उससे जवाब मांगा। महिला का आरोप है कि इस दौरान कृष्णा सिक्का ने उसके साथ गाली-गलौज की और धमकी देकर वहां से भगा दिया।

इसके बाद महिला अपने परिजनों के साथ शिकायत लेकर महिला थाना पहुंची। वहां से उसे उलीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। बाद में महिला ने उलीडीह थाना में लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

पुलिस कर रही मामले की जांच

उलीडीह थाना प्रभारी सारिक अली के अनुसार, आठ वर्षीय बच्ची के साथ यौन शोषण की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। बच्ची की सुरक्षा और मामले में निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई को लेकर परिजनों की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें