15 नवंबर को अस्ताचलगामी और 16 नवंबर को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देंगे छठव्रती,
झारखंड के सभी जिलों के लिए जारी हुआ सूर्यास्त और सूर्योदय का समय
झारखंड। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। इसके साथ ही पूरे झारखंड में छठ पूजा की तैयारियां और रौनक बढ़ गई है। छठव्रतियों ने स्नान कर भगवान सूर्य को जल अर्पित किया और पारंपरिक विधि-विधान के साथ कद्दू-भात का प्रसाद तैयार कर ग्रहण किया।
शनिवार को महापर्व का दूसरा दिन खरना मनाया जाएगा। इस दिन छठव्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ और दूध से बनी खीर तैयार करेंगे। भगवान भास्कर को भोग लगाने के बाद खरना का प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। इसके साथ ही 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा।
रविवार को डूबते और सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार, 15 नवंबर को छठव्रती नदी, तालाब और विभिन्न जलाशयों में पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, सोमवार, 16 नवंबर की सुबह उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
साहिबगंज में सबसे पहले सूर्यास्त, पाकुड़ में सबसे पहले सूर्योदय
झारखंड के अलग-अलग जिलों में सूर्यास्त और सूर्योदय के समय में कुछ मिनटों का अंतर रहेगा। उपलब्ध समय सारिणी के अनुसार, 15 नवंबर को सबसे पहले साहिबगंज में शाम 4:51 बजे सूर्यास्त होगा। वहीं, 16 नवंबर को सबसे पहले पाकुड़ में सुबह 5:55 बजे सूर्योदय होगा।
झारखंड के सभी जिलों में छठ अर्घ्य का समय
नीचे दी गई समय सारिणी के अनुसार अपने जिले में सूर्यास्त और सूर्योदय का समय जान सकते हैं।
| जिला | सूर्यास्त (15 नवंबर) | सूर्योदय (16 नवंबर) |
|---|---|---|
| बोकारो | 5:01 बजे | 6:01 बजे |
| चाईबासा | 5:03 बजे | 6:00 बजे |
| चतरा | 5:04 बजे | 6:06 बजे |
| डाल्टनगंज | 5:08 बजे | 6:09 बजे |
| देवघर | 4:56 बजे | 5:59 बजे |
| धनबाद | 4:59 बजे | 5:59 बजे |
| दुमका | 4:55 बजे | 5:57 बजे |
| गढ़वा | 5:09 बजे | 6:10 बजे |
| गिरिडीह | 4:59 बजे | 6:00 बजे |
| गोड्डा | 4:54 बजे | 5:58 बजे |
| गुमला | 5:08 बजे | 6:06 बजे |
| हजारीबाग | 5:03 बजे | 6:04 बजे |
| जमशेदपुर | 5:02 बजे | 5:59 बजे |
| जामताड़ा | 4:57 बजे | 5:58 बजे |
| खूंटी | 5:05 बजे | 6:03 बजे |
| कोडरमा | 5:01 बजे | 6:04 बजे |
| लातेहार | 5:07 बजे | 6:07 बजे |
| लोहरदगा | 5:06 बजे | 6:06 बजे |
| पाकुड़ | 4:52 बजे | 5:55 बजे |
| रामगढ़ | 5:03 बजे | 6:03 बजे |
| रांची | 5:05 बजे | 6:03 बजे |
| साहिबगंज | 4:51 बजे | 5:57 बजे |
| सरायकेला | 5:02 बजे | 6:00 बजे |
| सिमडेगा | 5:08 बजे | 6:05 बजे |
नोट: यह समय उपलब्ध कराई गई समय सारिणी के अनुसार है। स्थानीय मौसम और क्षितिज की स्थिति के कारण प्रत्यक्ष दर्शन के समय में अंतर हो सकता है।
छठ महापर्व के अवसर पर सभी छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को संथाल हूल एक्सप्रेस की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं।








