जमशेदपुर के विकास को लेकर टाटा प्रबंधन से मिले कुणाल षाड़ंगी, ट्रैफिक से एयरपोर्ट तक के मुद्दे उठाये

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

जमशेदपुर। जमशेदपुर और पूर्वी सिंहभूम के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने टाटा स्टील के ग्लोबल सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन से मुलाकात की। इस दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, व्यावसायिक क्षेत्रों में पार्किंग, धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना, ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं और औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के वैकल्पिक विकल्पों पर विस्तार से चर्चा हुई। कुणाल षाड़ंगी ने इन मुद्दों के समाधान के लिए सुझाव देते हुए टाटा समूह से क्षेत्र के विकास में अपनी भागीदारी बढ़ाने का आग्रह किया।

बिष्टुपुर-साकची में जाम और पार्किंग की समस्या उठाई

बैठक में कुणाल षाड़ंगी ने बिष्टुपुर, साकची और रीगल ग्राउंड सहित टाटा कमांड एरिया के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में रोजाना लगने वाले जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में खरीदारी और अन्य जरूरी कामों के लिए आने वाले लोगों को पार्किंग की परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने टाटा लीज की शर्तों के तहत निर्धारित पार्किंग व्यवस्था के क्रियान्वयन की व्यापक समीक्षा कराने का सुझाव दिया, ताकि आम लोगों को इसका लाभ मिल सके। साथ ही भारी एवं व्यावसायिक वाहनों के लिए नो-एंट्री के समय की व्यावहारिक समीक्षा और भविष्य में औद्योगिक क्षेत्रों तक मालवाहक वाहनों की सुचारु आवाजाही के लिए अलग ट्रैफिक कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव रखा।

धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को आगे बढ़ाने पर जोर

धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को लेकर कुणाल षाड़ंगी ने क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने की जरूरत बताई। उन्होंने जानकारी दी कि केंद्र सरकार की ओर से पर्यावरण और वन्यजीवों से संबंधित पूछे गए 19 सवालों के जवाब स्टेज-1 क्लियरेंस के लिए भेजे जा चुके हैं।

उन्होंने एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में टाटा समूह से सहयोग का आग्रह किया। उनका कहना था कि धालभूमगढ़ में एयरपोर्ट बनने से पूर्वी सिंहभूम की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

ग्रामीण क्षेत्रों में गैर-लाभकारी अस्पताल स्थापित करने का सुझाव

ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा करते हुए कुणाल षाड़ंगी ने टाटा समूह के चेयरमैन नोएल टाटा की देशभर में गैर-लाभकारी अस्पताल स्थापित करने की पहल का उल्लेख किया। उन्होंने इसी पहल के तहत पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण इलाकों में भी एक नॉट-फॉर-प्रॉफिट जनरल अस्पताल स्थापित करने का सुझाव दिया।

उन्होंने ऐसी व्यवस्था विकसित करने की बात कही, जिसमें आर्थिक रूप से सक्षम मरीजों से मिलने वाले शुल्क के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को रियायती या निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जा सके। इससे ग्रामीण आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और इलाज के लिए शहर पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली के वैकल्पिक स्रोत उपलब्ध कराने की मांग

औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कुणाल षाड़ंगी ने सरायकेला-खरसावां जिले की तर्ज पर पूर्वी सिंहभूम के शहर से बाहर चिह्नित औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के वैकल्पिक विकल्प उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।

उन्होंने प्रस्ताव रखा कि इन क्षेत्रों में उद्योग स्थापित करने वाले निवेशकों को झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के साथ-साथ टाटा पावर या जुस्को से भी बिजली लेने का विकल्प मिलना चाहिए। इससे उद्योगों को अपनी जरूरत के अनुसार बिजली आपूर्ति का स्रोत चुनने में सहूलियत होगी और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार को बढ़ावा मिल सकता है।

औद्योगिक निवेश को लेकर राज्य सरकार सकारात्मक : कुणाल

मुलाकात के बाद कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार राज्य में औद्योगिक निवेश, नए उद्योगों की स्थापना और मौजूदा उद्योगों के विस्तार को लेकर सकारात्मक है। उन्होंने कहा कि टाटा समूह की ओर से नागरिक सुविधाओं और क्षेत्र के विकास से जुड़ी किसी भी जनहितकारी पहल में राज्य सरकार सहयोग के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें