संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
गिरिडीह: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लेदा पानी टंकी के पास शुक्रवार रात बाइक छिनतई की घटना सामने आई है। आरोप है कि बुलेट सवार तीन युवकों ने एक अधेड़ व्यक्ति की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर उसकी बाइक छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना रात करीब 9 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कीर्तन में शामिल होने जा रहे थे भागीरथ राय
पीड़ित की पहचान बेगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलेदा निवासी 55 वर्षीय भागीरथ राय के रूप में हुई है। वह मोतीलेदा से लेदा स्थित एक भजन मंडली में कीर्तन में शामिल होने जा रहे थे। पहली बार लेदा जाने के कारण उन्हें रास्ते की जानकारी नहीं थी।
भागीरथ राय के अनुसार, कोवाड़ के पास उन्होंने बुलेट सवार तीन युवकों से लेदा जाने का रास्ता पूछा। युवकों ने उन्हें रास्ता बताया। आरोप है कि इसके बाद तीनों युवक उनका पीछा करने लगे।
रास्ते में ओवरटेक कर आंखों में डाली मिर्ची
पीड़ित ने बताया कि लेदा पानी टंकी के पास बुलेट सवार युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया और अचानक उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। आंखों में तेज जलन होने के कारण उन्होंने बाइक रोक दी।
इसी दौरान आरोपियों ने दोबारा उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। पीड़ित के मुताबिक, इसी मौके का फायदा उठाकर तीनों युवक उनकी बाइक छीनकर फरार हो गए। घटना के दौरान उन्हें घसीटे जाने की बात भी सामने आई है।
जंगल और अंधेरे का उठाया फायदा
भागीरथ राय ने बताया कि घटनास्थल के आसपास जंगल और अंधेरा था। उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था। किसी तरह वह लेदा पहुंचे और स्थानीय लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने के करीब 15 से 20 मिनट के भीतर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। पुलिस अब आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
इसके साथ ही छीनी गई बाइक की बरामदगी के लिए भी पुलिस टीम प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।









