एशियन गेम्स में गोल्ड के बाद झूमी भारतीय महिला हॉकी टीम, निक्की प्रधान ने शेयर किया जश्न का वीडियो

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम के स्वर्ण पदक जीतने के बाद जश्न का माहौल देखने को मिला। ऐतिहासिक जीत के बाद टीम की खिलाड़ी बस में जमकर डांस करती और जीत का जश्न मनाती नजर आईं। ओलंपियन और झारखंड की स्टार खिलाड़ी निक्की प्रधान ने इस जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जो अब चर्चा में है।

इस स्वर्णिम टीम में झारखंड की चार बेटियों की भी अहम मौजूदगी रही। सिमडेगा की सलीमा टेटे ने भारतीय टीम की कप्तानी की। वहीं खूंटी की ओलंपियन निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग भी भारतीय महिला हॉकी टीम का हिस्सा रहीं।

चीन को 1-0 से हराकर भारत बना एशियाई चैंपियन

सलीमा टेटे की कप्तानी में भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में मौजूदा चैंपियन चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने महिला हॉकी में 44 साल बाद एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल जीता।

भारत ने इससे पहले 1982 के एशियन गेम्स में महिला हॉकी का स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसके बाद लंबे इंतजार के बाद भारतीय टीम एक बार फिर एशियाई चैंपियन बनी।

10वें मिनट में लालरेमसियामी ने किया निर्णायक गोल

फाइनल मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही चीन पर दबाव बनाने की कोशिश की। मैच के 10वें मिनट में लालरेमसियामी ने शानदार गोल करते हुए भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।

इसके बाद चीन ने लगातार बराबरी का प्रयास किया, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उसके हमलों को नाकाम कर दिया। गोलकीपर सविता पुनिया ने भी शानदार प्रदर्शन किया और चीन के पेनल्टी स्ट्रोक को रोककर भारत की बढ़त बरकरार रखी।

मुकाबले के बाकी समय में चीन ने कई बार गोल करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए चीन को सफलता नहीं मिलने दी। आखिरकार भारत ने 1-0 की बढ़त के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया।

गोल्ड के साथ 2028 ओलंपिक का टिकट भी पक्का

एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही भारतीय महिला हॉकी टीम ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई भी कर लिया। टीम की इस उपलब्धि से भारतीय हॉकी प्रशंसकों के बीच खुशी का माहौल है।

झारखंड के लिए भी यह जीत खास रही, क्योंकि राज्य की चार खिलाड़ी इस ऐतिहासिक टीम का हिस्सा बनीं। कप्तान सलीमा टेटे समेत निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग ने झारखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया।

Leave a Comment

और पढ़ें