घंटी चोरी गैंग से मंदिरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बभनगामा के बाद बोरियो में मंदिर से घंटी चोरी, लगातार घटनाओं से श्रद्धालुओं में चिंता


संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता जितेन्द्र सेन


साहिबगंज। जिले में मंदिरों से घंटी चोरी की घटनाएं सामने आने लगी हैं। कुछ दिन पहले तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बभनगामा मोड़ स्थित बाबा मनोकामना नाथ शिव मंदिर के गर्भगृह से करीब चार किलो वजन की पीतल की घंटी चोरी होने का मामला सामने आया था। अब बोरियो के तेली टोला स्थित बजरंगबली मंदिर से भी घंटी चोरी होने की सूचना सामने आई है। बभनगामा की घटना में अज्ञात चोरों के द्वारा मंदिर के गर्भगृह का ताला तोड़कर घंटी चोरी कर ली गई थी। सुबह मंदिर पहुंचे पुरोहित राधेश्याम पांडेय को घटना की जानकारी हुई थी। सूचना के बाद तीनपहाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की थी।
वहीं अब बोरियो के तेली टोला स्थित बजरंगबली मंदिर से घंटी चोरी की घटना ने लोगों को चिंता में डाल दिया है। मंदिर में श्रद्धालु आस्था और विश्वास के साथ पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थल से घंटी चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मंदिरों में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस को ऐसे मामलों में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई करनी चाहिए।

Leave a Comment

और पढ़ें