संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची/जमशेदपुर: वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रांची के योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा और जमशेदपुर के विनय राय का पार्थिव शरीर शनिवार को झारखंड पहुंचेगा। शुक्रवार को वियतनाम में दोनों को श्रद्धांजलि देने के बाद शवों को भारत के लिए रवाना कर दिया गया।
विनय राय के पिता रमेश राय के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1 बजे दोनों शव कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर रांची और विनय राय का शव जमशेदपुर लाया जाएगा।
शव भारत लाने के लिए परिजनों ने किया लंबा प्रयास
राजा कुमार वर्मा के शव को भारत वापस लाने के लिए परिवार को काफी प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ा। उनके एक मामा वियतनाम में मौजूद रहे और परिवार की ओर से लगातार शव वापसी की प्रक्रिया पूरी कराने का प्रयास किया गया।
वहीं, राजा कुमार के भाई ने पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए झारखंड हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की थी। रांची के सांसद संजय सेठ ने भी विदेश मंत्रालय से संपर्क कर दोनों शवों को भारत वापस लाने के प्रयास किए। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को दोनों शव भारत के लिए रवाना किए गए।
25 सितंबर को दा-लाट में हुआ था हादसा
दरअसल, 25 सितंबर को वियतनाम के दा-लाट शहर में बाइक के एक कार की चपेट में आने से हादसा हुआ था। दुर्घटना में रांची के राजा कुमार वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल जमशेदपुर के विनय राय ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।
बताया गया कि दोनों अपना काम पूरा करने के बाद संस्थान लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हुआ। घटना के बाद से ही दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। अब परिजन अपने प्रियजनों के पार्थिव शरीर के झारखंड पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।









