चोरी गया महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रेलर बरामद, वाहन चोरी गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
सुंदरपहाड़ी। संवाददाता—शिवम् गोस्वामी।
गोड्डा जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र से चोरी हुए ट्रैक्टर-ट्रेलर मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए चोरी गया महिंद्रा ट्रैक्टर और ट्रेलर बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।
जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई 2026 की रात महुआटांड़ गांव निवासी परमानंद साह का महिंद्रा 475 डीआई एमकेएम डीएलएक्स ट्रैक्टर, निबंधन संख्या जेएच-17वी-4513, तथा ट्रेलर संख्या जेएच-17वी-4514 चालक के घर के समीप से चोरी हो गया था। घटना के बाद सुंदरपहाड़ी थाना कांड संख्या 20/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानव सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी गया ट्रैक्टर और ट्रेलर बरामद कर लिया।
मामले में पुलिस ने संचित कुमार उर्फ भोला, नवनीत कुमार राणा, जगेश पाल, आलोक कुमार पाल और प्रह्लाद गोरांय को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नवनीत कुमार राणा का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर वाहन चोरी गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि संपत्ति संबंधी अपराधों, विशेषकर वाहन चोरी के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ आकाश भारद्वाज, गोड्डा सदर प्रभाग पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक, सुंदरपहाड़ी थाना प्रभारी विधानचंद्र पटेल, गोड्डा मुफस्सिल थाना प्रभारी आनंद साहा सहित सुंदरपहाड़ी थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल रहे।
पुलिस ने जिलेवासियों से अपने ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों को सुरक्षित स्थान पर रखने, आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना या डायल-112 पर देने की अपील की है।









