संदिग्ध आतंकवादी हमीम मंडल की कथित गर्लफ्रेंड साहिबगंज से गिरफ्तार, बंगाल STF ने की कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

साहिबगंज। पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने संदिग्ध आतंकवादी हमीम मंडल से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी कथित गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार (22) को झारखंड के साहिबगंज जिले से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बरहरवा थाना क्षेत्र के बेबतपुर ग्वालखोर गांव में की गई। गिरफ्तारी के बाद STF की टीम अर्पिता को अपने साथ पश्चिम बंगाल ले गई।

STF सूत्रों के अनुसार, अर्पिता सरकार पर हमीम मंडल से जुड़े संदिग्ध मॉड्यूल के संपर्क में रहने का आरोप है। बर्दवान थाना में दर्ज कांड संख्या 1096/26 के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को उसे बर्दवान पुलिस स्टेशन लाकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी तथा अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इस मामले के मुख्य आरोपी हमीम मंडल को पश्चिम बंगाल पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब अर्पिता सरकार की गिरफ्तारी को जांच में एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि संदिग्ध गतिविधियों में उसकी क्या भूमिका थी और मॉड्यूल के अन्य सदस्यों से उसके क्या संबंध थे।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही हैं और मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें