साहिबगंज से धनबाद ले जाते समय पुलिस मुठभेड़ में गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जामताड़ा। साहिबगंज जेल से धनबाद जेल स्थानांतरित किए जा रहे कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की रविवार देर रात जामताड़ा जिले में पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, रास्ते में कैदी वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने अथवा खराब होने के बाद उसे दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान सुजीत सिन्हा ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने और पुलिस टीम पर फायरिंग करने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से उसकी मौत हो गई।

जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। मौके पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया गया है, जबकि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घटनास्थल की जांच की जा रही है। एसपी ने कहा कि मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) की सभी निर्धारित गाइडलाइंस का सख्ती से पालन किया जा रहा है।

वीडियो ए एन आई

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल की बारीकी से जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद मुठभेड़ से जुड़े कई तथ्यों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है।

पलामू क्षेत्र का रहने वाला सुजीत सिन्हा झारखंड के संगठित अपराध जगत में चर्चित नाम बताया जाता रहा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, अपहरण और रंगदारी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात पुलिस की ओर से कही गई है। मामले में आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें