गिरिडीह में CBI की बड़ी कार्रवाई, घूसखोरी मामले में GST के दो अधिकारी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

Giridih: धनबाद से पहुंची Central Bureau of Investigation (CBI) की टीम ने बुधवार को गिरिडीह के बजरंग चौक स्थित सेंट्रल जीएसटी कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए घूसखोरी के आरोप में विभाग के दो अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पूरे विभाग में हड़कंप मच गया और अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया गया कि यह कार्रवाई बिरनी प्रखंड के खाखीपीपर निवासी राजू अंसारी की शिकायत पर की गई। शिकायत में जीएसटी विभाग के अधिकारियों पर घूस मांगने और फर्जी तरीके से टैक्स नोटिस भेजने का आरोप लगाया गया था।

शिकायतकर्ता राजू अंसारी के अनुसार, वर्ष 2023 में उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट अनीश कुमार सेठ तथा गिरिडीह जीएसटी कार्यालय में पदस्थापित सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी और इंस्पेक्टर बिरजू कुमार ने कथित मिलीभगत कर उन्हें 95 लाख रुपये का जीएसटी टैक्स जमा करने का नोटिस भेजा था। विभाग की ओर से तीन बार नोटिस जारी किए गए थे।

राजू अंसारी ने बताया कि जब वह मामले की जानकारी लेने जीएसटी कार्यालय पहुंचे तो उन्हें पूरे प्रकरण में गड़बड़ी का संदेह हुआ। आरोप है कि बाद में अधिकारियों और चार्टर्ड अकाउंटेंट ने “सेटलमेंट” के नाम पर मामला खत्म करने के एवज में 90 हजार रुपये की घूस मांगी।

मामले से परेशान होकर राजू अंसारी धनबाद स्थित CBI कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को पूरी जानकारी दी। CBI के निर्देश पर बातचीत के बाद 65 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। योजना के तहत बुधवार को राजू अंसारी 50 हजार रुपये लेकर जीएसटी कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि अधिकारियों ने सीधे पैसे लेने के बजाय किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से रकम मंगवाई और उसे सुपरिटेंडेंट के घर भिजवा दिया।

सीबीआई द्वारा दिए गए नोटों पर विशेष केमिकल लगाया गया था। इसके बाद CBI इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में टीम ने सुबह करीब 11 बजे जीएसटी कार्यालय में छापेमारी की। करीब 13 घंटे तक चली पूछताछ और जांच के दौरान सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी के घर से कथित घूस की रकम बरामद की गई। केमिकल टेस्ट में पुष्टि होने के बाद CBI ने सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी और इंस्पेक्टर बिरजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों के अनुसार, मामले में बिहार और झारखंड के कई जिलों में एक साथ छापेमारी भी की गई है। अधिकारियों के घरों, रिश्तेदारों और करीबी लोगों के ठिकानों पर जांच की गई। CBI अब दस्तावेज, बैंक लेनदेन और संपत्ति से जुड़े मामलों की भी गहन जांच कर रही है।

इस कार्रवाई के बाद पूरे विभाग में दहशत का माहौल है और मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

और पढ़ें