मुख्य आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त लोहे का रॉड बरामद
संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
उधवा: राधानगर थाना क्षेत्र के बेगमगंज में पति द्वारा पत्नी पर किए गए जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार की रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि बेगमगंज में राखी देवी को उनके पति पार्थो घोष ने धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। घटना के बाद परिजन घायल राखी देवी को इलाज के लिए मालदा ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए राधानगर थाना में कांड संख्या 139/26 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पार्थो घोष (उम्र 19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को शुक्रवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले का आगे का अनुसंधान जारी है और घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। छापेमारी दल में राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, संग्राम सिंह सोय, जुमराती अंसारी, मो. असलम, हवलदार पप्पू कुमार एवं राजकिशोर यादव सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।







