जामताड़ा में बंद घर का ताला तोड़कर चोरी, ₹90 हजार नकद समेत चांदी के जेवरात ले गए चोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

जामताड़ा: मिहिजाम थाना क्षेत्र के बादलीगढ़ मोहल्ले में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 90 हजार रुपये नकद और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद पीड़िता मार्शनिका बास्की ने मिहिजाम थाने में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

रिश्तेदार के घर गई थीं महिला, लौटने पर टूटा मिला ताला

पीड़िता के अनुसार, वह 23 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे घर में ताला लगाकर दुमका स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर गई थीं। 26 सितंबर को वापस लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।

घर के अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि सामान बिखरा पड़ा था। पलंग पर तकिए के नीचे बैग में रखे करीब 90 हजार रुपये नकद गायब थे। इसके अलावा घर में रखे अन्य कीमती सामान और चांदी के आभूषण भी नहीं मिले।

जमीन विवाद को लेकर कुछ लोगों पर जताई आशंका

पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में महूलबना गांव निवासी डूंगरू बास्की, हबू बास्की, सुनील बास्की और छोटन मरांडी पर चोरी की घटना में शामिल होने की आशंका जताई है।

शिकायत के मुताबिक, जामताड़ा अनुमंडल न्यायालय में बंदोबस्ती जमीन को लेकर इन लोगों के साथ उनका विवाद चल रहा है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जमीन से बेदखल करने की नीयत से पूर्व में भी उन्हें धमकी दी गई थी। हालांकि, चोरी की घटना में इन लोगों की संलिप्तता की अभी पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि पीड़िता की ओर से चोरी की लिखित सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनकी संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस चोरी के मामले में घटनास्थल से मिले सुरागों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Comment

और पढ़ें