4 साल का बच्चा रांची से गायब, तीनपहाड़ के बाबूपाड़ा से बरामद; कई हिरासत में

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता। जितेन्द्र सेन

तीनपहाड़। रांची रेलवे स्टेशन के बाहर से 24 सितंबर को गायब हुए छत्तीसगढ़ निवासी चार वर्षीय बच्चे को रविवार, 27 सितंबर की सुबह तीनपहाड़ के बाबूपाड़ा से सकुशल बरामद कर लिया गया। रांची पुलिस ने तीनपहाड़ पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की। मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग के आधार पर एक व्यक्ति को धनबाद से गिरफ्तार किया गया है। वहीं, तीनपहाड़ से करीब चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बच्चे की मां दिलमेट राजवाड़े आंध्र प्रदेश के सलेम में काम करने के बाद अपने बच्चे के साथ छत्तीसगढ़ लौट रही थी। इसी क्रम में 24 सितंबर को वह रांची रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। स्टेशन के बाहर से उसका चार वर्षीय बच्चा अचानक गायब हो गया। बच्चे के गायब होने के बाद मां ने चुटिया थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी।




सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने रांची रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने एक व्यक्ति को धनबाद से गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ के बाद मामले से जुड़े कई अहम सुराग सामने आए और जांच की दिशा तीनपहाड़ की ओर बढ़ी। इसके बाद चुटिया थाना इंस्पेक्टर पूनम कुजूर के नेतृत्व में रांची पुलिस की टीम तीनपहाड़ पहुंची। लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार, खड़गड़ा टीओपी प्रभारी अभिषेक कुमार समेत पुलिस टीम ने तीनपहाड़ पुलिस के सहयोग से बाबूपाड़ा में कार्रवाई की। रविवार सुबह पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।



मामले में तीनपहाड़ से करीब चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रांची रेलवे स्टेशन के बाहर से गायब हुआ बच्चा तीनपहाड़ के बाबूपाड़ा तक कैसे पहुंचा और इस पूरे मामले में किन-किन लोगों की भूमिका रही। फिलहाल बच्चे की बरामदगी के बाद पुलिस आगे की जांच में जुटी है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ तथा धनबाद से गिरफ्तार व्यक्ति से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

#Ranchi #RanchiPolice #ChutiaThana #TeenPahar #TeenPaharPolice #Babupada #Sahibganj #Dhanbad #JharkhandPolice #MissingChild #ChildRecovered #CrimeNews #JharkhandNews #SantalHulExpress

Leave a Comment

और पढ़ें