संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के कुमार टोली चुना भट्ठा, श्री नारायण प्रजापति पथ निवासी 26 वर्षीय योगा टीचर राजा कुमार वर्मा की वियतनाम में सड़क हादसे में मौत हो गई। राजा वियतनाम में योगा टीचर के रूप में काम कर रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही रांची स्थित उनके परिवार और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।
योग प्रशिक्षण देकर कार्यालय लौट रहे थे राजा
जानकारी के अनुसार, राजा कुमार वर्मा वियतनाम के एक निजी घर में योग का प्रशिक्षण देने गए थे। प्रशिक्षण के बाद वह अपनी स्कूटी से कार्यालय लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर एक कार से टकरा गई।
हादसा इतना गंभीर था कि राजा कुमार वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया और परिजन वियतनाम से पार्थिव शरीर रांची लाने की प्रक्रिया में जुट गए।
सोमवार शाम तक रांची पहुंच सकता है पार्थिव शरीर
राजा कुमार वर्मा के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिजनों और संबंधित लोगों की ओर से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। जानकारी के अनुसार, यदि सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो जाती हैं, तो सोमवार शाम तक उनका पार्थिव शरीर रांची पहुंच सकता है।
राजा के निधन की खबर से सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित उनके आवास और आसपास के इलाके में शोक की लहर है। परिजन उनके पार्थिव शरीर के रांची पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।








