रांची रेलवे स्टेशन से 4 साल का मासूम लापता, CCTV में संदिग्ध युवक के साथ जाता दिखा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची। रांची रेलवे स्टेशन से गुरुवार सुबह चार साल का एक बच्चा अचानक लापता हो गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध युवक बच्चे को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए SIT का गठन किया है।

एस्केलेटर के पास से गायब हुआ मासूम

लापता बच्चे की पहचान छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित महामाया पारा निवासी चार वर्षीय विवान कुमार के रूप में हुई है। घटना गुरुवार सुबह करीब 8:15 से 8:30 बजे के बीच की बताई जा रही है।

बच्चे की मां दिलमेत राजवाड़े ने चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में अज्ञात व्यक्ति पर बच्चे के अपहरण की आशंका जताई गई है।

बस की जानकारी लेने गई थी मां

महिला के मुताबिक, वह अपने दोनों बच्चों के साथ रांची रेलवे स्टेशन पहुंची थी। उसने बच्चों और सामान को एस्केलेटर के पास रखा और अंबिकापुर जाने वाली बस के बारे में जानकारी लेने के लिए स्टेशन के बाहर ऑटो चालकों के पास चली गई।

कुछ देर बाद वापस लौटने पर उसे चार वर्षीय विवान वहां नहीं मिला। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

CCTV में संदिग्ध युवक के साथ दिखा बच्चा

पुलिस ने स्टेशन परिसर और आसपास लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक फुटेज में हाफ पैंट और टी-शर्ट पहना एक युवक बच्चे को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया।

फुटेज में संदिग्ध युवक के आसपास कुछ अन्य युवक भी नजर आ रहे हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और बच्चे के संभावित रास्ते का पता लगाने में जुटी है। हालांकि, जांच पूरी होने से पहले किसी गिरोह की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।

बच्चे की तलाश के लिए SIT गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने SIT गठित की है। टीम का निर्देशन सिटी एसपी कर रहे हैं, जबकि सिटी डीएसपी केवी रमन के नेतृत्व में जांच आगे बढ़ रही है।

SIT में इंस्पेक्टर, दारोगा और स्पेशल टेक्निकल टीम के सदस्य शामिल किए गए हैं। पुलिस स्टेशन के अलावा आसपास के इलाकों की CCTV फुटेज भी खंगाल रही है।

पुलिस ने जारी किया बच्चे का हुलिया

पुलिस के अनुसार, विवान का चेहरा चौड़ा और रंग सांवला है। उसके बाल काले और छोटे हैं। सिर के बीच पुराने घाव के कारण कुछ हिस्से में बाल नहीं हैं। उसकी लंबाई करीब तीन फीट बताई गई है।

घटना के समय उसने आसमानी रंग की चेकदार हाफ शर्ट और सफेद रंग की चेकदार हाफ पैंट पहन रखी थी।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि बच्चे से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Leave a Comment

और पढ़ें