बृजेश गंझू की मौत के विरोध में TSPC का 3 दिवसीय बंद, झारखंड के 7 जिलों में पुलिस अलर्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (TSPC) ने अपने शीर्ष कमांडर बृजेश गंझू उर्फ अमरजीत की मौत के विरोध में झारखंड के सात जिलों में तीन दिवसीय बंद का ऐलान किया है। संगठन की ओर से जारी पर्चों के मुताबिक बंद 24 सितंबर से 26 सितंबर की रात तक रहेगा।

बंद का आह्वान चतरा, हजारीबाग, पलामू, लातेहार, गढ़वा, लोहरदगा और गुमला में किया गया है। बंद के ऐलान के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है।

पलामू सीमान्त जोनल कमिटी ने जारी किया पर्चा

TSPC की पलामू सीमान्त जोनल कमिटी की ओर से बंद का ऐलान किया गया है। संगठन के पर्चों और प्रेस विज्ञप्ति में समर्थकों से बंद को सफल बनाने की अपील की गई है।

मुठभेड़ को लेकर संगठन ने उठाए सवाल

संगठन ने वाराणसी में उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) के साथ हुई मुठभेड़ में बृजेश गंझू की मौत को लेकर सवाल उठाए हैं। TSPC की ओर से दावा किया गया है कि बृजेश गंझू को पहले ही हिरासत में ले लिया गया था और बाद में मुठभेड़ की कहानी तैयार की गई।

हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस अधिकारियों ने संगठन के इन आरोपों को खारिज किया है।

पुलिस का दावा- जवाबी कार्रवाई में हुई मौत

पुलिस के अनुसार, बृजेश गंझू वांछित उग्रवादी था और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज थे। अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ के दौरान उसे आत्मसमर्पण करने का अवसर दिया गया था, लेकिन फायरिंग के बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसकी मौत हुई।

सात जिलों में पुलिस की बढ़ी निगरानी

बंद के ऐलान के बाद प्रभावित जिलों में पुलिस और खुफिया एजेंसियों को सतर्क किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के साथ सरकारी प्रतिष्ठानों, प्रमुख सड़कों, रेलवे परिसरों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल

किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों की तैनाती की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां संभावित गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

अफवाहों से बचने की अपील

पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें