संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
गिरिडीह के पीरटांड थाना क्षेत्र के मंडरडीह (लेढवा) में मंगलवार रात हाथी के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी मंगरा मांझी (70) के रूप में हुई है। उनकी पत्नी बड़की देवी (65) को गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि झुंड से बिछड़ा एक हाथी क्षेत्र में घूम रहा था।
शौच के लिए बाहर निकले दंपती पर हाथी ने किया हमला
मृतक के नाती मनीष सोरेन के अनुसार, रात में घर लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि मंगरा मांझी को दिखाई नहीं देता था। रात में शौच के लिए उनकी पत्नी बड़की देवी उन्हें लेकर घर से बाहर गई थीं।
इसी दौरान अचानक हाथी वहां पहुंच गया और दोनों पर हमला कर दिया। परिजन दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मंगरा मांझी को मृत घोषित कर दिया। बड़की देवी का इलाज जारी है।
हाथियों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी
परिजन के अनुसार, घटनास्थल के आसपास 5-6 हाथी मौजूद थे। वहीं, प्रशासन की ओर से बताया गया है कि बुजुर्ग दंपती पर हमला करने वाला हाथी अकेला था और वह झुंड से बिछड़कर इलाके में घूम रहा है।
पीरटांड थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि झुंड से अलग हुआ हाथी क्षेत्र में विचरण कर रहा है। वन विभाग की टीम को सक्रिय कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से पीरटांड क्षेत्र में हाथियों का झुंड मौजूद था। वन विभाग की टीम हाथियों को सुरक्षित क्षेत्र से बाहर निकालने में जुटी थी और कुछ दिन पहले ही हाथियों के पीरटांड-पारसनाथ क्षेत्र से निकल जाने की बात कही गई थी।
इसके बावजूद मंगलवार रात बुजुर्ग दंपती पर हाथी के हमले की घटना सामने आने के बाद इलाके में एक बार फिर दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है।









