जमशेदपुर सड़क हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी का निधन, हेमंत सोरेन, बाबूलाल समेत कई नेताओं ने जताया शोक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

जमशेदपुर के पास एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत अन्य लोगों के निधन की खबर से शोक की लहर है। हादसे की जानकारी सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए शोक संवेदना व्यक्त की और दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और हादसे में जान गंवाने वाले अन्य लोगों के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि अपनी संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है।

मुख्यमंत्री ने दीपिका पांडेय सिंह समेत सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

बाबूलाल मरांडी ने भी जताई संवेदना

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी सड़क हादसे पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि हादसे में मंत्री की बेटी के घायल होने की सूचना मिलने पर उन्होंने उनके स्वस्थ होने की कामना की थी। बाद में उनके निधन की हृदयविदारक सूचना मिलने पर उन्होंने गहरा दुख व्यक्त किया।

बाबूलाल मरांडी ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए ईश्वर से उन्हें इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

कल्पना सोरेन ने भी व्यक्त किया शोक

गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य लोगों के असामयिक निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह समेत सभी शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

कुणाल षाड़ंगी ने तस्वीरें साझा नहीं करने की अपील की

पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए लोगों से अपील की कि दुर्घटना से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा न करें। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में परिवार की निजता और भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।

उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह को इस कठिन समय में हिम्मत देने और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Leave a Comment

और पढ़ें