भादो पूर्णिमा पर बाबा बैद्यनाथ के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, 1 लाख से अधिक भक्तों ने किया जलाभिषेक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

देवघर: भादो पूर्णिमा के अवसर पर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में भक्त बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए देवघर पहुंचे। अनुमान के मुताबिक, भादो पूर्णिमा के दिन एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जल अर्पित कर पूजा की।

भादो पूर्णिमा पर विशेष पूजा की परंपरा

भादो पूर्णिमा के दिन बाबा बैद्यनाथ की पूजा का विशेष महत्व बताया जाता है। पंडा धर्मरक्षिणी सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रशेखर खवाड़े के अनुसार, स्थानीय धार्मिक परंपरा के तहत जिन परिवारों के घर गो माता रहती हैं, उनके द्वारा गो माता के पहले दूध से बाबा बैद्यनाथ का अभिषेक किया जाता है।

इस विशेष परंपरा को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

पितृ पक्ष से पहले देवघर पहुंचे श्रद्धालु

चंद्रशेखर खवाड़े ने बताया कि भादो पूर्णिमा के अगले दिन से पितृ पक्ष की शुरुआत होती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पितृ पक्ष के दौरान कई प्रकार के शुभ कार्यों से परहेज किया जाता है। ऐसे में पितृ पक्ष शुरू होने से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ का दर्शन और पूजा करने देवघर पहुंचते हैं।

भादो पूर्णिमा के अवसर पर बाबा मंदिर परिसर के साथ आसपास के इलाकों में भी श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही और बाबा बैद्यनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय नजर आया।

Leave a Comment

और पढ़ें