संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: रांची रेलवे स्टेशन के बाहर से लापता हुआ चार वर्षीय मासूम बच्चे को पुलिस ने साहिबगंज पुलिस के सहयोग से सकुशल बरामद कर लिया है। संयुक्त कार्रवाई में बच्चे को तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बाबूपाड़ा स्थित एक घर से बरामद किया गया। मामले में पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
ट्रेन बदलने के दौरान स्टेशन के बाहर से लापता हुआ था बच्चा
चुटिया थाना की महिला इंस्पेक्टर पूनम कुजूर के अनुसार, 24 सितंबर को बच्चे की मां दिलमेट राजवाड़े आंध्र प्रदेश के सलेम में काम करने के बाद अपने चार वर्षीय बेटे के साथ छत्तीसगढ़ स्थित अपने घर लौट रही थीं।
यात्रा के दौरान ट्रेन बदलने के लिए वह रांची रेलवे स्टेशन पर उतरी थीं। इसी दौरान स्टेशन के बाहर से उनका बच्चा अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी बच्चे का पता नहीं चलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
साहिबगंज के तीनपहाड़ में मिला मासूम
मामले की सूचना मिलने के बाद रांची पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को बच्चे के साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र में होने की जानकारी मिली।
इसके बाद रांची पुलिस ने साहिबगंज पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए बाबूपाड़ा स्थित एक घर में छापेमारी की और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
5 संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें चार संदिग्ध तीनपहाड़ क्षेत्र और एक राजमहल क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस सभी संदिग्धों को रांची लाकर पूछताछ करने की तैयारी में है। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चा रांची से साहिबगंज के तीनपहाड़ तक कैसे पहुंचा और इस मामले में हिरासत में लिए गए लोगों की क्या भूमिका रही है।
फिलहाल बच्चे की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है, जबकि पुलिस मामले की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।









