रांची में 20 साल की युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, विरोध करने पर मारपीट; तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: रातू थाना क्षेत्र के एक गांव में 20 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता मूल रूप से मांडर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है और इन दिनों रातू स्थित अपनी नानी के घर आई हुई थी। घटना 22 सितंबर की बताई जा रही है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

करमा पूजा से लौटते समय रास्ते में रोकने का आरोप

पीड़िता के अनुसार, वह 22 सितंबर को करमा पूजा में शामिल होने चटकपुर गई थी। पूजा समाप्त होने के बाद जब वह नानी के घर लौट रही थी, तभी रास्ते में तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया।

आरोप है कि तीनों युवक उसे जबरन खेत की ओर ले गए और वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की।

मेडिकल जांच में चोट के निशान मिले

घटना के बाद डरी हुई पीड़िता रविवार को परिजनों के साथ रातू थाना पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया और महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष बयान भी दर्ज किया।

पुलिस के अनुसार, मारपीट के कारण पीड़िता के चेहरे और शरीर के कुछ हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी पुलिस

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पीड़िता का न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

वहीं, घटना में शामिल बताए जा रहे तीनों अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें