संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
उधवा: राधानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत उधवा कचहरी पुल से पियारपुर बाजार जाने वाली मुख्य सड़क पर मंगलवार की सुबह करीब 7 बजे एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान कटहलबाड़ी बाजार निवासी 35 वर्षीय अनसारूल मोमिन के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वराज कंपनी का ट्रैक्टर (संख्या JH 17 AD 3732) चिप्स लादकर उधवा पुल से पियारपुर बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान अनसारूल मोमिन अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस (संख्या JH 18 J 2022) से उधवा चौक की ओर आ रहे थे। तभी अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर भी सड़क किनारे पलट गया।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
परिजनों के अनुसार, अनसारूल अपने पीछे तीन पुत्री और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। उनके निधन से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
घटना की सूचना मिलते ही राधानगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक शिवानंद प्रसाद दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए हैं।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर नाराज़गी जताई। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कमाने वाले इकलौते सदस्य की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता गहराने लगी है।
#उधवा #सड़क_हादसा #झारखंड_न्यूज #दुर्घटना #ट्रैक्टर_हादसा #राधानगर #संथाल_हूल_एक्सप्रेस









