बारात में पिस्टल लहराते दो युवक गिरफ्तार, देशी कट्टा व मोबाइल बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



मेहरमा । मेहरमा थाना क्षेत्र के धमड़ी गांव में बारात के दौरान पिस्टल लहराने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से एक अवैध देशी कट्टा तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार दोनों युवकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 मार्च की रात गोड्डा जिले के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मेहरमा थाना क्षेत्र के धमड़ी गांव में एक बारात के दौरान दो युवक पिस्टल लहरा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मेहरमा थाना की एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

छापामारी टीम जब धमड़ी गांव पहुंची तो पुलिस वाहन को देखकर दो संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि पुलिस ने सशस्त्र बल के सहयोग से दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उनकी पहचान बिहारी कुमार (20 वर्ष), पिता बिन्देश्वरी मंडल, निवासी छोटी परबत्ता, थाना ईसमाईलपुर, जिला भागलपुर तथा पियूष कुमार (20 वर्ष), पिता अजय मंडल, निवासी चायटोला कैथपुरा, थाना रसलपुर एकचारी, जिला भागलपुर के रूप में हुई।

पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उनके पास से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया। साथ ही एक ओप्पो और एक इन्फिनिक्स कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

इस मामले में मेहरमा थाना में कांड संख्या 37/26 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

छापामारी दल में मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक सत्यदीप, सहायक अवर निरीक्षक सहदेव प्रसाद सहित थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

संवाददाता: शिवम् गोस्वामी

Leave a Comment

और पढ़ें