तालझारी/गोड्डा। शनिवार को गोड्डा जिले की उपायुक्त अंजली यादव, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार तथा डीडीसी दीपक कुमार दुबे ने प्रखंड क्षेत्र के महाराजपुर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल मोतीझरना बाबा मोतीनाथ धाम शिव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी चंदन पांडे ने सभी अधिकारियों को विधि-विधान के साथ पूजा कराई।
मंदिर परिसर में स्थित ऊंचाई से गिरते झरने और आसपास की हरियाली ने अधिकारियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन करते हुए उपायुक्त अंजली यादव ने कहा कि मोतीझरना का वातावरण अत्यंत आकर्षक और रमणीय है। उन्होंने मंदिर समिति द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे पर्यटन स्थल जिले की पहचान हैं, जिन्हें लोगों को अवश्य देखना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि मोतीझरना के बारे में बहुत सुना था और आज यहां पहुंचकर दर्शन करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि यह स्थल अत्यंत शांत, आनंदमय और आध्यात्मिक अनुभूति देने वाला है।
इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजमहल विमलेश त्रिपाठी, तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय, तथा अजय कुमार, अर्जुन ठाकुर, संजीव मंडल, दिलीप यादव सहित सुरक्षा बल के अन्य जवान मौजूद रहे।
ईद के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल मुस्तैदी के साथ तैनात रहकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है।








