संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
गिरिडीह। नगर थाना क्षेत्र के नेताजी चौक के पास सोमवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में अलकापुरी निवासी 28 वर्षीय रोहित सिंह राठौर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे शहर के कई हिस्सों में यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोहित सिंह राठौर अपनी बाइक से झंडा मैदान से घर लौट रहे थे। इससे पहले वे कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद यादव को देवघर एयरपोर्ट छोड़कर वापस आए थे। रात को झंडा मैदान में क्रिकेट मैच देखकर लौटते समय नेताजी चौक के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे बाइक सहित पास खड़े एक ट्रक के नीचे जा दबे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना स्थल पर हंगामा करते हुए ट्रक को घेर लिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आक्रोशित भीड़ ने मांग की कि फरार ट्रेलर चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और मृतक के परिवार को मुआवजा दिया जाए। सड़क जाम के कारण नेताजी चौक पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और शहर का यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी कौशर अली, नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन और पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ अपनी मांगें पूरी होने तक सड़क खाली करने को तैयार नहीं थी। काफी समझाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा और बाधित सड़क यातायात को बहाल किया।
दुर्घटना से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नो-एंट्री हटने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही और रफ्तार अनियंत्रित हो गई है, जिससे हादसे बढ़ते जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन पर सड़क सुरक्षा को लेकर उदासीनता बरतने का आरोप भी लगाया।








