सारंडा वन मामले पर कानूनी रणनीति तैयार करने मुख्यमंत्री दिल्ली रवाना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हेमंत सोरेन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ की राजधानी की यात्रा; विधि विशेषज्ञों से होगी चर्चा

रांची। सारंडा वन क्षेत्र को लेकर सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश के मद्देनजर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को दिल्ली रवाना हो गए। इस यात्रा में मुख्य सचिव अलका तिवारी और मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उनके साथ हैं।


माना जा रहा है कि दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी देश के प्रमुख विधि विशेषज्ञों और कानूनी सलाहकारों से मुलाकात करेंगे। इस चर्चा का मुख्य उद्देश्य सारंडा वन मामले में सरकार की कानूनी रणनीति तैयार करना है।

गौरतलब है कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने सारंडा वन क्षेत्र को अभयारण्य (सेंचुरी) घोषित नहीं किए जाने पर झारखंड सरकार को कड़ी फटकार लगाई थी। न्यायालय ने इस मामले में मुख्य सचिव को 8 अक्टूबर को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्थिति स्पष्ट करने का आदेश दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि सरकार द्वारा आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, यहां तक कि जेल भी भेजा जा सकता है।

इसी गंभीर पृष्ठभूमि में मुख्यमंंत्री की यह दिल्ली यात्रा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बुधवार को राज्य मंत्रिपरिषद की निर्धारित बैठक को देखते हुए मुख्यमंत्री के मंगलवार शाम तक रांची लौटने की उम्मीद है।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment

और पढ़ें