आयुष्मान योजना का लाभ सभी पात्र मरीजों तक पहुंचाने के दिए कड़े निर्देश
गिरिडीह। जिला निदेशक प्रमुख (DIC) डॉ सन्याल ने मंगलवार को सदर अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान डॉ सन्याल ने मामूली बीमारियों के लिए मरीजों को रांची रेफर किए जाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर गंभीर असंतोष जताया। उन्होंने कहा, “हर छोटे-मोटे मामले में मरीजों को रांची क्यों भेज दिया जाता है? स्थानीय स्तर पर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए।” उन्होंने अनावश्यक रेफर पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए। डॉ सन्याल ने आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को आदेश दिया कि योजना के तहत मिलने वाले सभी उपचारों की सूची एक बोर्ड पर प्रदर्शित की जाए, ताकि मरीजों को पारदर्शी तरीके से जानकारी मिल सके। साथ ही, उन्होंने डॉक्टरों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र मरीजों को योजना का लाभ मिले और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को डॉ सन्याल ने गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई पूरी करने के आदेश दिए हैं।