रांची में बेलगाम चेन स्नैचिंग: संयुक्त सचिव से लेकर वकील तक बने शिकार, पुलिस के लिए बड़ी चुनौती

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रांची। राजधानी में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार सुबह मेकन कॉलोनी में परिवहन विभाग के संयुक्त सचिव अशोक कुमार भी अपराधियों का शिकार बन गए। बाइक सवार बदमाश उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। पीड़ित अधिकारी ने घटना की प्राथमिकी डोरंडा थाना में दर्ज कराई है। पुलिस जांच में पता चला कि उसी दिन सुबह लालपुर थाना क्षेत्र में भी एक महिला के साथ इसी तरह की वारदात हुई। बदमाशों की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी होने का खुलासा हुआ है। पिछले एक सप्ताह में राजधानी के विभिन्न इलाकों में कई और घटनाएं सामने आई हैं। 16 सितंबर को लॉरेटो स्कूल के पास एक महिला से चेन लूट ली गई, वहीं उसी दिन रात खेलगांव चौक के पास भी एक महिला बदमाशों का शिकार बनीं। सोमवार सुबह हाईकोर्ट के अधिवक्ता जितेंद्र कुमार पसारी से भी सर्किट हाउस चौक पर चेन छीनी गई।
बुधवार सुबह लेक फ्रंट होटल के पास करमटोली चौक की ओर जा रही एक छात्रा से बदमाशों ने चेन छीन ली। लगातार हो रही घटनाओं से राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। आम नागरिक से लेकर अधिकारी और वकील तक अपराधियों के निशाने पर हैं। पुलिस ने सभी घटनाओं की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment

और पढ़ें