पलामू । जिले के मनातू प्रखंड स्थित केदल जंगल में देर रात पुलिस और टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति समिति) नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो पुलिस जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान का इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में चल रहा है।
शहीद और घायल जवानों की पहचान
शहीद : सुनील राम और संतन मेहता
घायल : रोहित कुमार (जांघ के नीचे गोली लगने से घायल)
मुठभेड़ की पूरी घटना
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात लगभग 12:30 बजे पुलिस की विशेष टीम केदल जंगल में अभियान चला रही थी। इसी दौरान नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से काफी देर तक गोलीबारी चलती रही। इसी क्रम में दो जवान शहीद हो गए और एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ में कई नक्सलियों के भी मारे जाने या घायल होने की आशंका है, लेकिन अब तक किसी शव की बरामदगी नहीं हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने जंगल में ऑपरेशन शुरू किया था।
एसपी पहुँची अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी रीष्मा रमेशन अस्पताल पहुँचीं और घायल जवान रोहित कुमार से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नक्सलियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और इलाके में अभियान को और तेज कर दिया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके को घेरकर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। जवानों की शहादत से क्षेत्र में शोक की लहर है।