रांची। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार, रांची सहित कई जिलों में गुरुवार को तेज बारिश होने की आशंका है। वहीं, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और गुमला में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, पलामू और गढ़वा जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश के दौरान तेज हवाओं के साथ वज्रपात की भी आशंका बनी हुई है।
पिछले 24 घंटे में हुई बारिश (मिमी में)
पश्चिमी सिंहभूम : 65.6
पूर्वी सिंहभूम : 54.2
दुमका : 46
सिमडेगा : 39.6
जामताड़ा : 38.4
रांची : 22.4
लगातार हो रही बारिश से कई क्षेत्रों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी बन सकती है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।