
राजमहल जेके हाई स्कूल के झारखंड आर्ट्स टॉपर देव तिवारी को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को राजधानी में आयोजित सम्मान समारोह में राज्य के विभिन्न बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में विभिन्न बोर्ड के 10वीं और 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हमारे मेधावी छात्र-छात्राओं को अबुआ सरकार द्वारा हर वर्ष सम्मान दिया जाता है। इस वर्ष भी हमारे होनहार बच्चों की मेहनत को सम्मान देने का अवसर मिला। इसके साथ-साथ राज्य सरकार द्वारा संचालित आकांक्षा कोचिंग के सफल विद्यार्थी को भी सम्मानित किया गया। आप सभी छात्र-छात्राओं, आपके परिवारजनों और स्कूल प्रबंधन को बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। आप सभी का भविष्य उज्ज्वल हो, यही कामना करता हूँ। इसी क्रम में राजमहल जेके हाई स्कूल के झारखंड आर्ट्स टॉपर देव तिवारी को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। उन्हें 3 लाख रुपये का चेक, एक लैपटॉप, एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी की चाबी भेंट की गई। देव तिवारी ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और मेहनत कर राज्य का नाम रोशन करने की प्रेरणा देगा।
