कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह अजरबैजान से रांची लाया गया, झारखंड ATS ने की बड़ी कार्रवाई

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची। झारखंड की एटीएस (ATS) टीम ने शनिवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह को अजरबैजान से रांची लेकर पहुंची। पिछले साल बाकू (अजरबैजान) में गिरफ्तारी के बाद भारत सरकार और विदेश मंत्रालय के सहयोग से एक्स्ट्राडिशन प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद मयंक को विशेष सुरक्षा घेरे में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची लाया गया।

एयरपोर्ट से मयंक सिंह को सीधा ATS मुख्यालय ले जाया गया, जहां वरीय अधिकारी उससे गहन पूछताछ कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जिसके बाद उसे बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल भेजा जाएगा।

बताया जाता है कि मयंक सिंह का नाम बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है और वह फिरौती, रंगदारी, तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई जैसे कई मामलों में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी और भारत प्रत्यर्पण को राज्य की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, मयंक सिंह से पूछताछ के दौरान गैंग के अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क और विदेशों में सक्रिय संपर्कों की जानकारी भी सामने आने की संभावना है।

झारखंड ATS ने इस कार्रवाई को प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी ऑपरेशनल उपलब्धि करार दिया है।

Leave a Comment