एनएच-133 और एनएच-114A का होगा चौड़ीकरण, संथाल परगना में सड़क विकास को मिली रफ्तार


संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

गोड्डा/देवघर। संथाल परगना की जनता के लिए खुशखबरी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद डॉ. निशिकांत दुबे को पत्र लिखकर यह जानकारी दी है कि क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण और निर्माण कार्य को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है।

11 अगस्त को लिखे गए पत्र में गडकरी ने स्पष्ट किया है कि महागामा से इक्छारी तक एनएच-133 खंड को चार लेन (फोरलेन) बनाने की स्वीकृति पहले ही मंत्रालय द्वारा दी जा चुकी है। इसके साथ ही हंसडीहा से छोपा मोड़ तक का हिस्सा भी फोरलेन होगा। इस तरह पूरा एनएच-133 कॉरिडोर चौड़ा होकर यात्रियों को बेहतर सुविधा देगा।

दुमका से देवघर तक एनएच-114A का फोरलेनिंग

मंत्री ने बताया कि दुमका से देवघर तक एनएच-114A का चौड़ीकरण चरणबद्ध तरीके से चल रहा है। देवघर से मधुपुर तक का एलाइनमेंट स्वीकृत कर दिया गया है और इसकी डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार की जा रही है।

तीन लापता लिंक पर भी विचार

गडकरी ने यह भी कहा कि क्षेत्र में तीन लापता लिंक (Missing Links) को जोड़ने की योजना पर भी काम हो रहा है। इसके लिए नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने होंगे, जो फिलहाल मंत्रालय की नीति के तहत विचाराधीन है।

स्थानीय जनता में खुशी

इस घोषणा के बाद देवघर, गोड्डा, दुमका और आसपास के इलाकों में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों के चौड़ीकरण से जहां यात्रा में समय बचेगा, वहीं दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
गोड्डा निवासी एक व्यापारी ने कहा— “फोरलेन बनने से हमारे व्यापार को नई उड़ान मिलेगी। गोड्डा से देवघर, पटना और कोलकाता तक जाना आसान होगा।”
वहीं देवघर आने वाले श्रद्धालुओं ने उम्मीद जताई कि बेहतर सड़क नेटवर्क से बाबा नगरी में पर्यटन और भी बढ़ेगा।

सांसद निशिकांत दुबे का बयान

सांसद निशिकांत दुबे ने केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि— “यह संथाल परगना की जनता के वर्षों का सपना था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नितिन गडकरी जी के सहयोग से अब हमारा क्षेत्र विकास की नई राह पर बढ़ रहा है।”


Leave a Comment