सावन व मुहर्रम को बताया आध्यात्मिक एकता व भाईचारे का प्रतीक
मेदिनीनगर। सावन माह के पावन अवसर पर पलामू क्षेत्र के डीआईजी नौशाद आलम ने नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सुदना स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर में पूजा-अर्चना में सम्मिलित हो कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।
इस अवसर पर डीआईजी ने कहा कि सावन और रमजान जैसे आध्यात्मिक महीने समाज में प्रेम, सद्भाव और आत्मसंयम का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि जैसे रमजान का महीना आत्मशुद्धि, धैर्य और सेवा भावना का प्रतीक है, वैसे ही सावन माह श्रद्धा, तपस्या और शिव भक्ति का पर्व है। दोनों ही महीनों में आस्था और अध्यात्म की ऊर्जा बहती है, जो तन और मन को शुद्ध करती है।
धार्मिक सौहार्द पर अपनी बात रखते हुए डीआईजी ने भावपूर्ण शब्दों में कहा,
“तुम ही से मंदिर का श्लोक, तुम ही से मस्जिद की अजान,
तेरी इबादत में मेरा सजदा, गीता और कुरान- तू ही भगवान।”
उन्होंने कहा कि भारत की यही खूबी है- विविधता में एकता, और आस्था में समरसता। हम सबका कर्तव्य है कि इस भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द को आगे बढ़ाएं।
डीआईजी ने सावन की व्यस्तताओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि हर सोमवार को शिवालयों और कांवर यात्रा मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जनता की सहूलियत और पारदर्शिता के लिए अब पुलिस विभाग द्वारा ई-साक्ष्य की सुविधा भी शुरू कर दी गई है।