संथाल हुल एक्सप्रेस डेस्क राँची
संथाल हुल एक्सप्रेस डेस्क, रांची | 01 जुलाई 2025:
झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ अब बेहद सख्त और तेज कार्रवाई होने वाली है। राज्य पुलिस मुख्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में नक्सलियों के खात्मे का मास्टर प्लान तैयार किया गया है। बैठक में माओवादी संगठन भाकपा माओवादी और उनके स्प्लिन्टर ग्रुप्स (टूटे हुए समूहों) पर निर्णायक कार्रवाई करने का रोडमैप बनाया गया।
सभी एसपी को टास्क, तय समय सीमा में कार्रवाई
बैठक में प्रदेश भर के सभी रेंज आईजी, डीआईजी और नक्सल प्रभावित जिलों के एसपी शामिल हुए। पुलिस मुख्यालय ने सभी एसपी को उनके क्षेत्रों में सक्रिय नक्सलियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का टास्क दिया है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि तय समय सीमा के भीतर अभियान के ठोस नतीजे दिखने चाहिए।
नक्सली मददगारों पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस मुख्यालय ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि अब नक्सलियों के नेटवर्क को सपोर्ट करने वाले स्थानीय मददगारों और सहयोगियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। थाना स्तर पर खुफिया तंत्र को मजबूत करने का आदेश दिया गया है। हाल के दिनों में जेल से छूटे या जमानत पर बाहर आए नक्सलियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बनी रणनीति
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस अहम बैठक में नक्सल विरोधी अभियान के कई बड़े अधिकारी शामिल हुए। प्रमुख उपस्थित अधिकारी थे:
-
डॉ. माईकलराज एस, पुलिस महानिरीक्षक, अभियान झारखंड
-
मनोज कौशिक, प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, रांची
-
साकेत कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक, सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर
-
अनुप बिरथरे, पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड जगुआर
-
पलामू-बोकारो क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक
-
हजारीबाग, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, चतरा, बोकारो, सरायकेला, खूंटी जिलों के एसपी
सूचना तंत्र होगा और मजबूत
बैठक में सभी पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने जिलों में नक्सली गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। थाना स्तर से लेकर जिला स्तर तक सूचना संग्रहण, खुफिया इनपुट और फील्ड एक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए योजना तैयार की गई।
ऑपरेशन इंटेंसिव मोड में जाएगा
झारखंड पुलिस अब “इंटेंसिव ऑपरेशन मोड” में जाएगी। जंगल, पहाड़ी और ग्रामीण इलाकों में नक्सली मूवमेंट को रोकने के लिए विशेष काम्बिंग ऑपरेशन चलाए जाएंगे।
राज्य में शांति और विकास का माहौल बनाने की तैयारी
झारखंड पुलिस का उद्देश्य है कि नक्सलियों के खात्मे के बाद राज्य में शांति बहाल हो और विकास कार्य निर्बाध रूप से आगे बढ़े। पुलिस मुख्यालय ने साफ संकेत दिया है कि नक्सलवाद पर अब समझौता नहीं होगा।
