दो अलग-अलग मामलों में हिरणपुर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, भेजा जेल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता, हिरणपुर

हिरणपुर थाना क्षेत्र में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। यह कार्रवाई पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के तहत की गई।

थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने पहली कार्रवाई थाना कांड संख्या 63/24 के तहत की। बड़ाबलरामपुर गांव में एक महिला की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिए जाने के मामले में मुख्य आरोपी कुशा किस्कू को पुलिस ने गिरफ्तार किया। वह उसी गांव का निवासी है। इस जघन्य हत्या मामले में कुल सात लोग नामजद हैं, जिनमें से अब तक छह की गिरफ्तारी हो चुकी है। एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है।

वहीं, दूसरी कार्रवाई थाना कांड संख्या 14/15 के तहत की गई। इस मामले में आरोपी सीताराम मुर्मू पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और दूसरी शादी करने का आरोप है। वह पिछले दस वर्षों से फरार चल रहा था। रघुनाथपुर गांव निवासी आरोपी को पीड़िता ने गंभीर आरोपों के साथ नामजद किया था।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment

और पढ़ें