संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता, लिट्टीपाड़ा
लिट्टीपाड़ा प्रखंड के जोरडीहा पंचायत स्थित चटानी गांव में शुक्रवार को झारखंड मानवाधिकार जन जागृति कल्याण परिषद, रांची के तत्वावधान में मानवाधिकार जागरूकता एवं सदस्यता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुन्ना हेम्ब्रम ने की।
इस दौरान उन्होंने 21 सदस्यों के बीच नवीकृत सदस्यता आईडी कार्ड का वितरण किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए श्री हेम्ब्रम ने मानवाधिकार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मानवाधिकारों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार, फर्जी मुठभेड़, झूठे मुकदमे, मानव तस्करी, कुप्रथाएं और अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरण आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि परिषद द्वारा पूरे राज्य में जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आमजन को उनके अधिकारों के प्रति सजग किया जा सके। मौके पर कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही।