अभाविप साहिबगंज नगर इकाई की बैठक सम्पन्न

राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं सदस्यता अभियान को लेकर बनी रणनीति

साहिबगंज
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् नगर इकाई की बैठक नगर के अस्थायी कार्यालय में हुई। अध्यक्षता नगर मंत्री अविनाश साह ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 9 जुलाई को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं सदस्यता अभियान 2024 को लेकर विचार-विमर्श करना और उसके लिए एक संगठित कार्ययोजना तैयार करना था। इस अवसर पर प्रदेश सह मंत्री सुनिधि, प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक इंद्रजीत साह तथा अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। नगर मंत्री अविनाश साह ने कहा कि आज का युग युवाओं का है और राष्ट्र के निर्माण में छात्रों की भूमिका सर्वोपरि है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव छात्रहित, समाज सेवा और राष्ट्र जागरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। आगामी राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर हम नगर के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में संपर्क करेंगे और ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को अभाविप के साथ जोड़ेंगे। सदस्यता अभियान केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि यह संगठन की विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुँचाने का माध्यम है। साहिबगंज नगर इकाई इस अभियान को जनांदोलन का रूप देने हेतु संकल्पित है। प्रदेश सह मंत्री सुनिधि ने कहा कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस महज एक तिथि नहीं, बल्कि यह छात्रशक्ति को राष्ट्रशक्ति में बदलने की प्रेरणा का दिन है। यह अवसर है जब हम युवाओं को न केवल संगठन से जोड़ें, बल्कि उन्हें नेतृत्व, सेवा और राष्ट्रीय चेतना की भावना से प्रेरित करें। अभाविप का सदस्यता अभियान युवाओं को वैचारिक रूप से संगठित करने का एक सशक्त माध्यम है। हमें गाँव-नगर से लेकर कॉलेज-कैंपस तक, हर छात्र तक पहुँचना है। यह अभियान तब ही सफल होगा जब प्रत्येक कार्यकर्ता इसे व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझकर कार्य करेगा। प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक इंद्रजीत साह ने कहा कि वर्तमान युग सूचना और तकनीक का है और सोशल मीडिया आज का सबसे तेज़ और प्रभावी संवाद माध्यम बन चुका है। संगठन की विचारधारा, गतिविधियाँ और अभियान जब डिजिटल माध्यम से युवाओं तक पहुँचते हैं, तो उसका प्रभाव कई गुना अधिक होता है। हमें सोशल मीडिया का सशक्त उपयोग करते हुए अपने विचारों को रचनात्मक, प्रेरणादायक और सकारात्मक रूप में प्रस्तुत करना होगा। साहिबगंज नगर इकाई डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर भी सक्रिय भूमिका निभाकर संगठन को एक नई ऊँचाई पर ले जाएगी। बैठक के दौरान आगामी सदस्यता अभियान को सफल बनाने हेतु विभिन्न जिम्मेदारियाँ भी तय की गईं। साथ ही कार्यकर्ताओं को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चंदन कुमार गुप्ता, विभाग छात्रा प्रमुख नयाशा भारती, जिला कार्यालय मंत्री अंकुश कुमार, जिला सेवार्थ विद्यार्थी ज्योति गुप्ता, नगर सह मंत्री निखिल कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में आगामी कार्यों को पूरी निष्ठा एवं ऊर्जा के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment