संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहेट : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रखंड क्षेत्र में सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं ने योग अभ्यास कर योग दिवस मनाया। प्रखंड कार्यालय बरहेट में प्रखंड विकास पदाधिकारी अंशु कुमार पांडे सहित प्रखंड कार्यालय के कर्मियों ने संयुक्त रूप से योग किया। वहीं प्रवाह संस्था ने ग्राम स्वशासन अभियान परियोजना के तहत अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन प्रखंड के उत्क्रमित विद्यालय रोहड़ा, उत्क्रमित विद्यालय पहाड़पुर में सामूहिक रूप से योग कर मनाया। कार्यक्रम में कुल 187 छात्र और 15 शिक्षक व कर्मियों ने योगाभ्यास किया। मौके पर मुखिया, उपमुखिया, ग्राम प्रधान, प्रवाह संस्था के प्रखंड समन्वयक एवं फील्ड कार्यकर्ता भी सक्रिय रूप से शामिल थे। मुख्य गतिविधियों में सामूहिक योगाभ्यास, बच्चों की चित्रकला के माध्यम से योग पर अभिव्यक्ति, पौष्टिक आहार और न्यूट्रीशनल फ्लैग व योग के महत्व की जानकारी के साथ साथ प्रतिदिन लोगों को योग करने की सलाह दी गई।
शरीर को स्वस्थ रखने के साथ योग सिखाता है अनुशासन : अंशु कुमार पांडे
बरहेट प्रखंड कार्यालय में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस वर्ष की थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ रही।
शनिवार को जिले से लेकर ग्रामीण अंचलों तक लोगों ने उत्साह से योगाभ्यास किया।
मो शाहबाज आलम ने योग के नियमित अभ्यास का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्थिर मन के लिए योग को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर देना चाहिए। योग से व्यक्ति में साहस, करुणा और आत्म नियंत्रण जैसे गुण विकसित होते हैं। इससे तन और मन स्वस्थ रहता है। आज ऋषि मुनियों की बदौलत पूरे विश्व में योग को अपनाया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अंशु कुमार पांडे उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि योग भारत की प्राचीन परंपरा में शुमार है। आज 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। हमेशा योग करने से व्यक्ति निरोग रहता है। मौके पर प्रधान सहायक अशोक मालतो, प्रखंड नाजिर शशिलाल मुर्मू, आवास समन्वयक मार्शल किस्कू, मनरेगा कंप्यूटर ऑपरेटर संजय पंडित, ललन कुमार, कांशीनाथ दत्ता, पंचायत सचिव रीना, बबीता सोरेन अन्य मौजूद थे।