24 घंटा पुलिस जनता की सेवा के लिए तत्पर: पवन कुमार

अपराध नियंत्रण हेतु पहाड़ी क्षेत्रों में दल बल के साथ की गई गश्ती

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता

बरहेट: थाना प्रभारी पवन कुमार ने मंगलवार को थाना क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया। इस दौरान उन्होंने छोटा उदाली, बड़ा उदाली, कालड़ी गौड़ा, श्रीरामपुर, दुमली सहित अन्य दुर्गम क्षेत्रों का भ्रमण किया। गश्ती के दौरान पुलिस दल ने इन पहाड़ी इलाकों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिससे अपराधियों में भय का वातावरण उत्पन्न हो सके।

पवन कुमार ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में पुलिस की पेट्रोलिंग और गश्ती को लगातार जारी रखा जाएगा। “हमारे लिए यह सुनिश्चित करना सबसे जरूरी है कि अपराधियों के लिए यहां कोई स्थान न हो। पहाड़ी इलाकों में हो रहे विभिन्न अपराधों पर कड़ी नज़र रखी जा रही है और प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है,” थाना प्रभारी ने कहा।

इससे पहले भी पहाड़ी क्षेत्रों के दुर्गम इलाकों में बाइक से गश्ती की जा चुकी है। इसका उद्देश्य न केवल अपराधों की रोकथाम करना है, बल्कि क्षेत्रवासियों के बीच यह संदेश भी फैलाना है कि प्रशासन 24 घंटे उनके सेवा में तत्पर है।

गश्ती के दौरान इन इलाकों में विशेष रूप से आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर ध्यान दिया गया। यह इलाकें गोड्डा और साहिबगंज जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों के तहत आते हैं, जहाँ अपराधियों के छुपने की संभावना रहती है। बरहेट पुलिस द्वारा क्षेत्र में एलआरपी के माध्यम से लगातार छापामारी की जा रही है।

अपराध नियंत्रण को लेकर पहाड़ी इलाकों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि मानव तस्करी के मामलों में भी इलाके के लोग अधिक शिकार होते हैं, खासकर नाबालिग बच्चों को काम दिलाने के बहाने शिकार बनाया जाता है। इस गश्ती के दौरान एक ओर महत्वपूर्ण उद्देश्य लोगों को जागरूक करना भी था, ताकि वे निर्भीक होकर प्रशासन को सूचना दे सकें और किसी भी प्रकार के अपराध पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।

इस मौके पर पुलिस बल के जवान भी शामिल थे और उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि के बारे में तुरंत प्रशासन को सूचित करें। इस प्रकार की सक्रिय गश्ती से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Comment