भाजपा नेत्री सीता सोरेन का साहिबगंज दौरा: गंगा पुल और बंदरगाह का निरीक्षण

साहिबगंज: भाजपा की वरीय नेत्री सीता सोरेन ने शनिवार को जिले के सकरीगली स्थित बंदरगाह और निर्माणाधीन साहिबगंज-मनिहारी गंगा पुल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने परिसदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।

सीता सोरेन ने कहा कि झारखंड के गठन के 25 वर्षों बाद भी संथाल परगना क्षेत्र, विशेषकर साहिबगंज जिला, विकास से कोसों दूर है। उनका कहना था कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का गृह जिला होने के बावजूद साहिबगंज की तस्वीर में कोई बदलाव नहीं आया है।

उन्होने आरोप लगाते हुए कहा कि यहां के मूलवासी अभी भी बदहाली में जीवन बिता रहे हैं और सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब है। गंगा पुल और बंदरगाह जैसी प्रमुख परियोजनाएं केवल केंद्र की मोदी सरकार की देन हैं और ये योजनाएं जिले को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

सीता सोरेन ने खनिज संसाधनों के अनियंत्रित दोहन के बारे में भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने पाकुड़ क्षेत्र में पत्थर के पहाड़ों को ‘ऐतिहासिक धरोहर’ बताते हुए उसे बचाने की अपील की। इसके अलावा, उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि वह विदेशों में निवेशकों की तलाश में हैं, जबकि उन्हें पहले अपने क्षेत्र की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सीता सोरेन का यह दौरा आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से कई संकेत दे रहा है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि भाजपा क्षेत्र में अपनी उपस्थिति को मजबूत करने के लिए सक्रिय है।

Leave a Comment