झामुमो पर अवैध उगाही का आरोप, भाजपा ने प्रेस वार्ता में किया हमला

संथाल हूल एक्सप्रेस, पाकुड़ नगर: / एम जयसवाल

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पर अवैध वसूली और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अमृत पाण्डेय और प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी ने शनिवार को जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में झामुमो के चाल, चरित्र और चेहरे को उजागर करने की बात कही।

जिलाध्यक्ष अमृत पाण्डेय ने आरोप लगाया कि रांची में आयोजित झामुमो के केंद्रीय अधिवेशन को सफल बनाने के नाम पर पाकुड़ जिले में झामुमो नेताओं द्वारा लाखों रुपये की अवैध उगाही की गई है। वायरल ऑडियो का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि झामुमो नेताओं ने सरकारी पदाधिकारियों से दबावपूर्वक पैसे की मांग की है, जिसकी अभी तक कोई जांच या कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा मामला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सांसद विजय हंसदा और विधायक स्टीफन मरांडी के संरक्षण में चल रहा है। साथ ही लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू पर संवेदकों को टेंडर मैनेज करने के लिए धमकाने का भी आरोप लगाया।

प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी ने झामुमो-कांग्रेस सरकार को जनविरोधी बताते हुए कहा कि राज्य में अवैध पत्थर व कोयला कारोबार जोरों पर है और आम जनता को गुमराह किया जा रहा है।

भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी इस भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाकर झामुमो की पोल जनता के सामने खोलेगी।

Leave a Comment